याद कीजिए, एक समय था जब हम तबीयत खराब होने पर डॉक्टर के पास जाते थे, तो वह सबसे पहले स्टेथोस्कोप लगाकर हमारी जांच करते थे। नाड़ी और ब्लड प्रेशर देखते, प्रभावित हिस्से को छूकर उसकी स्थिति समझने की कोशिश करते थे। एक अच्छा डॉक्टर मरीज के कमरे में आते ही पर्चा लिखना शुरू नहीं करता था। वह पहले आपकी पूरी बात सुनता था—क्या परेशानी है, कब से है, पहले कभी ऐसी समस्या हुई है या नहीं और आपकी पुरानी मेडिकल हिस्ट्री क्या है? इन सबको समझने के बाद ही वह बीमारी का अनुमान लगाता और फिर जरूरत के अनुसार दवाइयाँ या जांच लिखता था। कोशिश रहती थी कि अनावश्यक टेस्ट, एंटीबायोटिक्स और जरूरत से ज्यादा दवाइयों से बचा जाए। लेकिन आज चिकित्सा जगत में एक सवाल तेजी से चर्चा में है—क्या मरीज की पूरी स्थिति समझने और Clinical Examination के बजाय लैब टेस्ट और स्कैन रिपोर्ट पर निर्भरता बढ़ती जा रही है? इसमें कोई संदेह नहीं कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान ने MRI, CT-Scan और अत्याधुनिक ब्लड टेस्ट जैसी तकनीकों से बीमारियों की पहचान को अधिक सटीक बनाया है। लेकिन तकनीक की उपलब्धता के साथ एक चिंता यह भी है कि कहीं पारंपरिक Clinical Skills और डॉक्टर की अपनी Clinical समझ पीछे तो नहीं छूट रही? इसके कई कारण हो सकते हैं। क्या अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण डॉक्टरों के पास हर मरीज को विस्तार से सुनने और उसकी शारीरिक जांच करने का पर्याप्त समय नहीं है? क्या किसी गंभीर बीमारी के छूट जाने या भविष्य में कानूनी विवादों से बचने के लिए डॉक्टर लिखित टेस्ट और स्कैन रिपोर्ट को ज्यादा महत्व देने लगे हैं? Aur shayad यह भी संभव है कि आज कई मरीज स्वयं मानने लगे हैं कि जब तक खून की जांच या स्कैन न हो जाए, तब तक सही इलाज संभव नहीं है। इस सोच के कारण डॉक्टरों पर भी अधिक जांच कराने का दबाव बनता है। लेकिन चिकित्सा का एक बुनियादी सिद्धांत आज भी यही है कि Clinical Examination और Diagnostic Tests एक-दूसरे के पूरक हैं, विकल्प नहीं। एक कुशल डॉक्टर पहले मरीज की बात सुनता है, उसकी मेडिकल हिस्ट्री और शारीरिक स्थिति समझता है और फिर बीमारी की आशंका की पुष्टि करने या किसी गंभीर समस्या को खारिज करने के लिए आवश्यक जांच करवाता है।