बढ़ता तापमान अब बच्चों की पढ़ाई के समय और रोजमर्रा की दिनचर्या को भी बदल रहा है। गर्म दिनों में स्कूल और कॉलेज जाने की दर में भी गिरावट देखी गई, जिससे सीखने के लिए उपलब्ध समय और कम हो सकता है। अध्ययन यह भी दिखाता है कि मौसम की मार सभी बच्चों पर समान नहीं पड़ती। बेहतर आर्थिक स्थिति और अधिक संसाधनों वाले परिवार अपने बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए एसी-कूलर, सुरक्षित परिवहन और डिजिटल पढ़ाई जैसी सुविधाओं का सहारा ले सकते हैं, जबकि सीमित संसाधनों वाले परिवारों के बच्चों के लिए यही मौसम पढ़ाई में बड़ी बाधा बन सकता है।