महंगी दवाइयों से छुटकारा: क्या है जेनेरिक दवाओं और जन औषधि केंद्र का सच? क्या कभी आपके साथ ऐसा हुआ है कि डॉक्टर ने पर्चा लिखा हो, लेकिन मेडिकल स्टोर पर दवाओं की कीमत सुनकर आपके कदम ठिठक गए हों? हमारे देश की आबादी का लगभग 35 प्रतिशत हिस्सा मध्यमवर्ग का है। इस वर्ग के लिए किसी बीमारी का इलाज कराना आज सिर्फ सेहत का सवाल नहीं रहा, बल्कि यह पूरे परिवार के बजट का सवाल बन चुका है। खासकर वे लोग जो डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी या कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, उनके लिए हर महीने दवाओं का यह भारी-भरकम खर्च एक बहुत बड़ी आर्थिक चुनौती है। सच्चाई यह है कि अधिकांश मध्यमवर्गीय परिवारों के पास हेल्थ इंश्योरेंस नहीं होता। हर डॉक्टर दयालु नहीं हो सकता और न ही हर क्लिनिक की फीस माफ हो सकती है। ऐसे में अगर कोई अनहोनी हो जाए, तो इलाज का खर्च आम आदमी की क्षमता से बाहर हो जाता है। नतीजा यह होता है कि लोग मजबूरी में बेहतरीन अस्पतालों में नहीं जा पाते। उन्हें सही समय पर अच्छा इलाज या ऑपरेशन नहीं मिल पाता। क्या आप ऐसी स्थितियों से जुड़े जोखिमों की कल्पना भी कर सकते हैं? एक माता-पिता के रूप में क्या आप यह सहन कर पाएंगे कि पैसों की कमी के कारण आपके बीमार बच्चे को बेहतरीन इलाज न मिले? दवाएं कम कीमत पर मिल सकें—इसी जरूरत को पूरा करने के लिए भारत सरकार ने प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (PMBJP) की शुरुआत की। साल 2008 में शुरू होने के बाद, शुरुआती सालों में इसका पर्याप्त प्रचार और विस्तार नहीं हो पाया था। यही वजह थी कि साल 2015 तक पूरे देश में मात्र 80 से 100 जन औषधि केंद्र ही खुल पाए थे। लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। आज देशभर में 20,000 से अधिक प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र काम कर रहे हैं, जहाँ लगभग हर बीमारी की जेनेरिक दवाएं और मेडिकल उत्पाद बेहद कम कीमत पर उपलब्ध हैं। आम जनता के मन में अक्सर एक धारणा बनी रहती है कि "जेनेरिक दवाएं" ब्रांडेड दवाओं की तुलना में असरदार नहीं होतीं, या जन औषधि की दवाएं सस्ती हैं तो घटिया होंगी। लेकिन ऐसा कतई नहीं है! यह जानना भी जरूरी है कि इन दवाओं का उत्पादन सरकार खुद नहीं करती। इन्हें एक पारदर्शी खुली निविदा प्रक्रिया (Open Tender Process) के जरिए देश की प्रतिष्ठित सार्वजनिक और निजी फार्मा कंपनियों से खरीदा जाता है। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी भारत सरकार के रसायन और उर्वरक मंत्रालय के अधीन कार्यरत फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइसेस ब्यूरो ऑफ इंडिया (PMBI) द्वारा की जाती है। इन दवाओं की गुणवत्ता की जांच NABL मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कड़ाई से की जाती है, इसलिए इनकी शुद्धता पर कोई संदेह नहीं है। अक्सर हम देखते हैं कि प्राइवेट डॉक्टर जेनेरिक दवाइयां लिखने से परहेज करते हैं। इसके पीछे कोई एक कारण नहीं है, बल्कि व्यावहारिक, कानूनी और व्यावसायिक कारणों का एक पूरा नेटवर्क काम करता है: देश में हजारों छोटी-बड़ी फार्मा कंपनियां हैं। डॉक्टरों को यह चिंता रहती है कि सभी कंपनियों की जेनेरिक दवाओं की क्वालिटी एक जैसी होगी या नहीं। मिर्गी, थायराइड या दिल की बीमारियों में दवा की खुराक का सटीक होना बेहद जरूरी है। जरा सा भी अंतर मरीज के लिए जानलेवा हो सकता है, इसलिए डॉक्टर सालों से आजमाए हुए भरोसेमंद ब्रांड्स पर ही भरोसा करते हैं। मेडिकल कॉलेज के दिनों से डॉक्टरों को चुनिंदा ब्रांड्स के नाम (जैसे Dolo या Calpol) याद हो जाते हैं। जेनेरिक या साल्ट के नाम बहुत लंबे और जटिल होते हैं, जिन्हें व्यस्त ओपीडी में लिखना थोड़ा मुश्किल होता है। यह एक कड़वी सच्चाई है कि बड़ी दवा कंपनियां डॉक्टरों, अस्पतालों और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स (MRs) के जरिए अपने ब्रांड्स का आक्रामक प्रचार करती हैं। कांफ्रेंस स्पॉन्सर करना, मेडिकल सेमिनार आयोजित करना या अन्य व्यावसायिक कारणों की वजह से भी अनजाने या जानबूझकर ब्रांडेड दवाओं को प्राथमिकता मिल जाती है. लेकिन अब बदलाव आ रहा है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के नियमों के तहत सभी डॉक्टरों के लिए दवाओं के जेनेरिक नाम लिखना अनिवार्य किया गया है। डॉक्टरों को स्पष्ट निर्देश हैं कि वे पर्चे पर दवाओं के नाम साफ लिखावट में और बड़े अक्षरों (Capital Letters) में लिखें। नियमों का उल्लंघन करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान है। हालांकि, प्राइवेट डॉक्टरों और कॉरपोरेट अस्पतालों की कुछ व्यावहारिक चिंताओं के कारण मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के साथ इस पर चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन सरकारी स्वास्थ्य तंत्र में इसे पूरी तरह लागू कर दिया गया है। आपके स्वास्थ्य बजट में दवाओं के खर्च को कम करने की दिशा में जन औषधि केंद्र एक बेहतरीन कदम है। लेकिन एक जिम्मेदार उपभोक्ता के रूप में दवा खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रखें: जैसे दवा की Expiry Date और पैकिंग जरूर देखें। दवा का नाम और उसकी Strength (mg) को अच्छे से जांच लें। स्टोर से पक्का बिल जरूर लें। ध्यान रखें कि हर केंद्र पर हर दवा हर समय उपलब्ध हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए किसी विशेष दवा के लिए जाने से पहले उपलब्धता की पुष्टि कर लेना समझदारी होगी। याद रखिए, सेहत आपका अधिकार है और सही कीमत पर सही दवा पाना आपकी समझदारी!